गुरुवार, 14 नवंबर 2019

ऐसे प्रयास करें मंडल अध्यक्षों के चुनाव की नौबत न आए : आलोक संजर 

ऐसे प्रयास करें मंडल अध्यक्षों के चुनाव की नौबत न आए : आलोक संजर


खंडवा, संजय चौबे । भाजपा संगठन में ही सही लोकतंत्र है क्योंकि इस पार्टी का कार्यकर्ता मंच और मंच वाला सामने कभी भी पहुंच सकता है। भाजपा कार्यकर्ताओं पर आधारित दल है। आज हम सबको गर्व है कि देश ही नहीं हमारी पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी है। जिसके करोड़ों की संख्या में कार्यकर्ता उत्साह के साथ पार्टी के कार्यक्रमों को बिना पद के भी अंजाम देते हैं। भाजपा का संगठन को देश में अच्छा संगठन माना गया है और प्रदेश का यह संगठन सबसे अच्छा माना जाता है। यह बात भोपाल के पूर्व सांसद, पार्टी के वरिष्ठ नेता व खंडवा जिले के चुनाव अधिकारी आलोक संजर ने 15 व 16 नवंबर को होने वाले मंडल अध्यक्षों के चुनाव को लेकर मंडल चुनाव के लिए बनाए पर्यवेक्षक एवं मंडल प्रभारियों की बैठक को संबोधित करते हुए कही। श्री संजर ने कहा कि आप सभी कुशलता, स्पष्टता, परिपक्वता से परिपूर्ण है। मंडल चुनाव को समन्वय के साथ संपन्न कराना है। बूथ स्तर के अध्यक्षों को सूचना देकर निर्धारित स्थान पर बुलाकर समन्वय के साथ मंडल अध्यक्षों की चुनाव प्रक्रिया उस क्षेत्र के वरिष्ठों के साथ बैठकर अध्यक्ष के नाम का चयन करना है। जितने भी नाम मंडल अध्यक्ष के लिए आए वे बंद लिफाफे में मुझे सौंपे ताकि 16 नवंबर की शाम या 17 नवंबर को सभी 19 मंडलों के अध्यक्षों के नामों की घोषणा की जा सके। मीडिया प्रभारी सुनील जैन ने बताया कि अयोध्या के फैसले के कारण प्रदेश संगठन ने मंडल अध्यक्षों के चुनाव आगे बढ़ा दिए थे और प्रदेश संगठन ने मंडल अध्यक्षों के चुनाव को लेकर 15 व 16 नवंबर की तारीख निर्धारित की थी। मंडल अध्यक्षों के चुनाव को संपन्न कराने के लिए जिले के चुनाव अधिकारी आलोक संजर गुरूवार को खंडवा पहुंचे और इंदिरा चौक स्थित पार्टी कार्यालय में मंडल चुनाव के पर्यवेक्षक एवं प्रभारियों की बैठक लेकर उन्हें दिशा निर्देश दिए। प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि जिले में वर्षो से 11 मंडल कार्यरत थे लेकिन प्रदेश संगठन के निर्देश पर 8 मंडलों की जिले में बढ़ोतरी की गई है। सभी 19 मंडलों में 15 व 16 नवंबर को पर्यवेक्षक एवं चुनाव प्रभारी पहुंचकर शांति व समन्वय के साथ चुनाव संपन्न कराएंगे। खंडवा विधानसभा में कुशाभाऊ ठाकरे मंडल का चुनाव दादाजी परिसर आनंद नगर में 15 नवंबर को 11 बजे होगा, वहीं अटलबिहारी वाजपेयी मंडल का चुनाव गणेश गौशाला में 1 बजे संपन्न होगा। अमलपुरा में 16 नवंबर को 11 बजे राधाकृष्ण मंदिर, जावर मंडल में दोपहर 2 बजे सांई लीला होटल में संपन्न होगा। पंधाना विधानसभा में पंधाना मंडल का चुनाव 15 नवंबर को मांगलिक भवन में, बोरगांव मंडल 1 बजे भमराड़ी में, चिचगोहन मंडल में 3 बजे चिचगोह में, 16 नवंबर छैगांवमाखन मंडल दोपहर 3 बजे अंबेडकर भवन, सिंगोट मंडल 11 बजे मांगलिक भवन सिंगोट, गुड़ीखेड़ा मंडल 1 बजे राम मंदिर गुड़ीखेड़ा, मांधाता विधानसभा में किल्लौद मंडल 15 नवंबर 12 बजे सोमगांव मांगलिक भवन, पुनासा मंडल 16 नवंबर 11 बजे हंत्या बाबा धर्मशाला, ओंकारेश्वर मंडल दोपहर 2 बजे राजपूत धर्मशाला सुलगांव, मूंदी मंडल 4 बजे बुखारदास बाबा मूंदी में संपन्न होंगे। हरसूद विधानसभा के हरसूद नगर मंडल का चुनाव 15 नवंबर 11 बजे हरसूद में, रोशनी मंडल 4 बजे आवलिया में, हरसूद ग्रामीण मंडल 16 नवंबर 4 बजे झुमरखली में, खालवा मंडल 1 बजे खालवा वेयर हाऊस, खार मंडल 11 बजे खार में आयोजित होगा। मंडल चुनाव लेकर संपन्न हुई बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी अलोक संजर के साथ जिलाध्यक्ष हरीश कोटवाले, विधायक विजय शाह, देवेंद्र वर्मा, राम दांगोरे, कैलाश पाटीदार, अरुणसिंह मुन्ना, पुरुषोत्तम शर्मा, दिनेश पालीवाल, संतोष सोनी, मुकेश तनवे, प्रवक्ता सुनील जैन, नंदन करोड़ी, तिलोक पटेल, नरेन्द्रसिंह तोमर, ममता बोरसे, राजेश पटेल, राजपाल तोमर, भरत पटेल सहित मंडल चुनाव के पर्यवेक्षक एवं प्रभारी उपस्थित थे।


भाजपा ने जारी की बुरहानपुर के 45 वार्ड प्रत्याशियों की सूची,3 को रखा होल्ड पर

बुरहानपुर (इक़बाल अंसारी) भारतीय जनता पार्टी संभागीय कार्यालय इन्दौर की संभागीय चयन समिति के संयोजक श्री मधु वर्मा एवं श्री गजेंद्र पटेल के ...