गुरुवार, 26 दिसंबर 2019

कलेक्टर ने किया धान खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण रात में भी खरीदी करने के दिये निर्देश

 
जबलपुर | 


 

     कलेक्टर श्री भरत यादव ने आज गुरुवार को कटंगी के खांड, मझौली तथा गोसलपुर के समीप  ओपन केप स्थित बेला, कछपुरा एवं घाट सिमरिया धान उपार्जन केंद्र का निरीक्षण किया।  श्री यादव ने इन खरीदी केन्द्रों पर आवक को देखते हुए चौबीस घण्टे धान की तुलाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इसके लिये खरीदी केन्द्रों पर लाईट और जेनरेटर की व्यवस्था करने, श्रमिकों की संख्या बढ़ाने तथा अतिरिक्त तुलाई मशीनें लगाने की हिदायत दी। श्री यादव ने अगले पन्द्रह दिनों की आवश्यकता के अनुरूप प्रत्येक खरीदी केन्द्र पर बारदानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने निर्देश भी अधिकारियों को दिए हैं।
           कलेक्टर श्री यादव ने उपार्जन व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों, समिति प्रबंधकों और खरीदी केंद्र प्रभारियों से साफ शब्दों में कहा कि किसानों को खरीदी केन्द्रों पर किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों का एफएक्यू मापदंड का पूरा-पूरा धान खरीदा जायेगा। लेकिन व्यापारी या बिचौलिये इस व्यवस्था का किसी भी सूरत में लाभ न उठा पाए हर हाल में इस पर भी ध्यान रखना होगा।
            उन्होनें चेतावनी देते हुए कहा कि खरीदी केन्द्रों पर व्यापारियों का माल पाया गया तो न केवल उस व्यापारी को बल्कि उसकी धान खरीदने में लिप्त अमले को भी जेल की हवा खानी पड़ेगी। श्री यादव ने धान खरीदी में गति लाने के लिए सम्बन्धित क्षेत्र के खाद्य निरीक्षक, सहकारिता निरीक्षक, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी के साथ-साथ पटवारियों को भी तैनात करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने एसडीएम एवं तहसीलदारों को भी खरीदी केन्द्रों का नियमित रूप से निरीक्षण करने और खरीदी व्यवस्था पर निगरानी की हिदायत दी। श्री यादव ने कहा कि जो समिति प्रबंधक या खरीदी केंद्र प्रभारी धान खरीदी में ढिलाई बरत रहे हैं उनके खिलाफ कार्यवाही की जाये। ऐसे समिति प्रबंधकों एवं खरीदी केंद्र प्रभारियों को नोटिस दिए जाएं और उनका वेतन काटा जाये। उन्होंने धान खरीदी में गड़बड़ी पाये जाने पर समिति प्रबंधकों और खरीदी केंद्र प्रभारियों पर एफआईआर दर्ज कराने और सीधे जेल भेजने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए ।
          कलेक्टर ने निर्धारित मात्रा में ही धान की तुलाई करने और तुलाई के तुरन्त बाद खरीदी केन्द्रों से धान के उठाव, परिवहन एवं भंडारण  सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर  किसानों से भी रु-ब-रु हुए और उनकी कठिनाइयों का शीघ्र निराकरण का भरोसा उन्हें दिया। उन्होंने किसानों से सुखाकर और साफ-सुथरी धान खरीदी केन्द्रों पर लेकर आने का आग्रह किया। धान उपार्जन केन्द्रों के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर अपर कलेक्टर हर्ष दीक्षित, एसडीएम सिहोरा गौरव बेनल भी कलेक्टर के साथ थे।



भाजपा ने जारी की बुरहानपुर के 45 वार्ड प्रत्याशियों की सूची,3 को रखा होल्ड पर

बुरहानपुर (इक़बाल अंसारी) भारतीय जनता पार्टी संभागीय कार्यालय इन्दौर की संभागीय चयन समिति के संयोजक श्री मधु वर्मा एवं श्री गजेंद्र पटेल के ...