सोमवार, 6 जनवरी 2020

साँची में विश्व बौद्ध संग्रहालय और शिक्षण संस्थान की स्थापना होगी


भोपाल-कोलम्बो के बीच शुरू होगी सीधी विमान सेवा
आध्यात्म मंत्री श्री शर्मा की श्रीलंका के विदेश मंत्री के साथ बैठक में निर्णय
 


 

भोपाल- भोपाल से कोलम्बो (श्रीलंका) सीधी विमान सेवा शुरू की जाएगी। साँची में विश्व बौद्ध संग्रहालय और शिक्षण संस्थान की स्थापना का काम जल्द शुरू किया जाएगा। मध्यप्रदेश के आध्यात्म मंत्री श्री पी.सी. शर्मा की कोलम्बो में श्रीलंका सरकार के विदेश मंत्री श्री दिनेश गुणवर्धने  के साथ हुई बैठक में यह निर्णय लिए गए। बैठक में महाबोधि सोसायटी के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री भिक्खु वानगल उपतिस्स नायक थेरो और मध्यप्रदेश सरकार के अपर मुख्य सचिव श्री मनोज श्रीवास्तव उपस्थित थे।


बैठक में श्रीलंका के विदेश मंत्री  श्री गुणवर्धने  ने कहा कि भारत सरकार द्वारा भोपाल से कोलम्बो विमान सेवा शुरू करने की पहल स्वागत योग्य है। उन्होंने कहा कि श्रीलंका सरकार कोलम्बो से भोपाल के लिये सीधी विमान सेवा शुरू करने के लिए तैयार है। श्रीलंका के विदेश मंत्री ने कहा कि श्रीलंका से लाखों यात्री भोपाल और साँची जाते हैं। भोपाल-कोलम्बो के बीच डायरेक्ट एयर कनेक्टिविटी से लाखों लोगों को लाभ होगा।


बैठक में आध्यात्म विभाग द्वारा साँची में विश्व बौद्ध संग्रहालय और शिक्षण संस्थान, भिच्छु प्रशिक्षण और बुद्धिस्ट चेन्टिंग सेंटर की स्थापना पर विस्तृत चर्चा हुई। विश्व बौद्ध संग्रहालय और शिक्षण संस्थान के प्रोजेक्ट को प्रस्तुत किया गया। बौद्ध संग्रहालय और शिक्षण संस्थान में बौद्ध दर्शन, बौद्ध विज्ञान, बौद्ध कला एवं संस्कृति और बौद्ध समारोह के साथ दुनिया के विभिन्न देशों में स्थित बौद्ध धर्म के तीर्थ, बौद्ध धर्म की परम्पराएं एवं बौद्ध धर्म को मानने वालों की जीवन और कला शैली को शामिल किया गया है। मंत्री श्री शर्मा ने बताया है कि श्रीलंका के विदेश मंत्री श्री गुणवर्धने ने प्रोजेक्ट को वित्तीय समर्थन देने की स्वीकृति प्रदान की है।


आध्यात्म मंत्री श्री शर्मा ने बताया कि भारत में श्रीलंका और श्रीलंका में भारत के लोक कल्याण, लोक कला और संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों के नियमित आयोजनों का सिलसिला भी शुरू किया जाएगा। श्रीलंका के विदेश मंत्री ने कहा कि आयोजनों को शुरू करने संबंधी प्रस्ताव पर चर्चा करने श्रीलंका सरकार सांस्कृतिक दल को मध्यप्रदेश भेजेगी।


 मंत्री श्री शर्मा ने महाबोधि सोसाइटी के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री भिक्खु वानगल उपतिस्स नायक थेरो को 70वें जन्म-दिवस पर बधाई दी। श्री उपतिस्स का भारत और विशेषकर मध्यप्रदेश में साँची बौद्ध केन्द्र से सतत संपर्क रहा है। मंत्री श्री शर्मा ने बताया कि महाबोधि सोसाइटी भारत में आजादी के बहुत पहले से कार्यरत है। श्रीलंका में महाबोधि सोसायटी का आज 40वां स्थापना दिवस होने पर महाबोधि सोसायटी के अध्यक्ष को उन्होंने बधाई दी।


भाजपा ने जारी की बुरहानपुर के 45 वार्ड प्रत्याशियों की सूची,3 को रखा होल्ड पर

बुरहानपुर (इक़बाल अंसारी) भारतीय जनता पार्टी संभागीय कार्यालय इन्दौर की संभागीय चयन समिति के संयोजक श्री मधु वर्मा एवं श्री गजेंद्र पटेल के ...